Home Politics Saharanpur: सहारनपुर पहुंचे अखिलेश यादव, भाजपा सरकार पर साधा निशाना, 2027...

Saharanpur: सहारनपुर पहुंचे अखिलेश यादव, भाजपा सरकार पर साधा निशाना, 2027 को लेकर किया बड़ा दावा

0

Saharanpur: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को सहारनपुर पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, स्वास्थ्य सेवाओं, भ्रष्टाचार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कई सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

गन्ना किसानों से लेकर वुड कार्विंग उद्योग तक पर रखी बात

गन्ना किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर किसानों को गन्ने का भुगतान 24 घंटे के भीतर कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने इथेनॉल नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे होने वाला लाभ किसानों तक प्रभावी तरीके से पहुंचना चाहिए। सहारनपुर की पहचान से जुड़े वुड कार्विंग उद्योग को लेकर भी उन्होंने अपनी योजनाएं सामने रखीं। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर स्थानीय कारीगरों को प्रशिक्षण देने के साथ उद्योग के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। जरूरत के अनुसार सब्सिडी उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

युवाओं और खेल सुविधाओं पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार स्पोर्ट्स सिटी की स्थापना पर भी विचार किया जाएगा।

जल जीवन मिशन और एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर सवाल

जल जीवन मिशन को लेकर अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर पाइपलाइन तो बिछा दी गई है, लेकिन लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। एक्सप्रेसवे के निर्माण और उसकी गुणवत्ता को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सड़क पर बने गड्ढों और निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए। इसी संदर्भ में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर मां गंगा बुलाएं तो गंगा एक्सप्रेसवे से नहीं जाना चाहिए। नकली नोट मिलने के मामलों का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने नोटबंदी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के समय सरकार ने काले धन और नकली करेंसी पर लगाम लगाने की बात कही थी, लेकिन अब बैंकिंग व्यवस्था में ही नकली नोट मिलने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

अखिलेश यादव ने अग्निवीर योजना को समाप्त कर सेना में स्थायी भर्ती व्यवस्था बहाल करने की बात दोहराई। आरक्षण के सवाल पर उन्होंने कहा कि आरक्षण पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा। उन्होंने जातीय जनगणना का समर्थन करते हुए इसे भी महत्वपूर्ण मुद्दा बताया। गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि फैसला संबंधित दलों के वोट और जनाधार को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। जिस दल का जितना जनाधार होगा, उसे उसी अनुपात में जिम्मेदारी मिलने की बात उन्होंने कही।

अखिलेश यादव ने एक बार फिर विश्वास जताया कि 2027 में प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि सहारनपुर के किसानों, कारीगरों, युवाओं और व्यापारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में विशेष योजनाएं तैयार की जाएंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here