बिहार: लखीसराय में स्थित एक प्रसिद्ध मंदिर से बेहद दुखद खबर सामने आई है। ये खबर अशोकधाम मंदिर की है, जहाँ सावन के तीसरे सोमवार के दिन भक्तों के साथ एक हादसा हो गया। इस हादसे के पीछे की वजह बिजली का तार और बैरिकेडिंग टूटना बताया जा रहा है। दरअसल, इस हादसे की वजह से 7-8 लोगों की मृत्यु हो गई और 12 लोग घायल भी हुए, जिन्हें पास के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
हादसे की पूरी जानकारी
दरअसल, 17 अगस्त 2026 को बिहार के लखीसराय में स्थित एक मंदिर में बड़ा हादसा हो गया। बता दें कि ये मामला लखीसराय के अशोकधाम मंदिर का है, जहां सावन के तीसरे सोमवार के अवसर पर भारी भीड़ भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए पहुँची थी। कहा जा रहा है कि अचानक बिजली का तार गिरने की बात सुनकर अफरातफरी मच गई और इसी भगदड़ की वजह से 7-8 लोगों की दर्दनाक मृत्यु हो गई, वहीं 10-15 लोग बुरी तरह घायल हो गए।
डीएम शैलेन्द्र कुमार का बयान
इस संदर्भ में लखीसराय के डीएम शैलेन्द्र कुमार ने भी जानकारी देते हुए बताया कि सावन के तीसरे सोमवार पर भारी भीड़ उमड़ने की बहुत संभावना थी, जिस कारण प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रण में रखने के लिए इंतज़ाम भी किए थे।
उनका कहना है कि प्रशासन की टीम मंदिर परिसर में सुबह लगभग 3:30 बजे से ही मौजूद थी। भीड़ को नियंत्रण में रखने के लिए की जाने वाली व्यवस्थाएँ भी सुव्यवस्थित थीं। अचानक से दो ट्रेनों के आ जाने से भारी भीड़ मंदिर के परिसर तक जा पहुँची, जहां पहले से ही भक्तों की भीड़ एकत्रित थी। सुबह लगभग 6:40 बजे भीड़ बढ़ जाने से खेत की तरफ की बैरिकेडिंग टूट गई, जिस कारण दुर्घटना हो गई। इसकी वजह से कुछ लोगों की मृत्यु हो गई, वहीं 10-15 घायल भक्तों को इलाज के लिए एम्बुलेंस द्वारा नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुख्यमंत्री ने दुख जताया
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जैसे ही इस दुखद घटना की जानकारी प्राप्त हुई, उन्होंने अपने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए इस संदर्भ में अपना दुख जताया। उन्होंने कहा कि वो इस घटना से अत्यंत दुखी हुए हैं और हादसे में हुई भक्तों की मृत्यु की खबर से उनका मन व्यथित है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रशासन को घायलों का जल्द से जल्द इलाज देने के लिए निर्देश जारी किया।







