Home Uncategorized UP: करहिया बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 878 किलो छेना...

UP: करहिया बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 878 किलो छेना मिठाई सीज

0

UP: करहिया बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 878 किलो छेना मिठाई जब्त। त्योहारों के मौसम और रोजमर्रा में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को सलोन तहसील के करहिया बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रमोद स्वीट हाउस के गोदाम का निरीक्षण किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास के मिठाई कारोबारियों में भी हलचल मच गई और कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर वहां से चले गए।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंजनी कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पहुंची टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय प्रताप सिंह, उदय राज मौर्य, महेंद्र कुमार यादव, कंचन लता तिवारी और सुमांशु सचान शामिल रहे। टीम ने गोदाम में रखी मिठाइयों की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने लिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गुणवत्ता को लेकर संदेह के आधार पर 878 किलोग्राम छेना मिठाई को सीज कर दिया। विभाग के मुताबिक जब्त की गई मिठाई की अनुमानित कीमत करीब 1.58 लाख रुपये है। इसके अलावा प्रतिष्ठान और गोदाम में स्वच्छता तथा खाद्य पदार्थों के भंडारण से जुड़ी कई कमियां भी सामने आईं। इन खामियों को लेकर प्रतिष्ठान के खिलाफ सुधार नोटिस जारी करने की संस्तुति की गई है।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

सहायक खाद्य आयुक्त मानिक चंद्र सिंह ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान लिए गए मिठाई के नमूने परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि मिलावट और खाद्य पदार्थों में गुणवत्ता संबंधी अनियमितताओं के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विभाग का जोर रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here