Saharanpur: प्रतिनिधिमंडल के दौरे से पहले पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रविवार देर रात से ही सहारनपुर और आसपास के जिलों में सपा के कई नेताओं को एहतियाती तौर पर उनके घरों में ही रोक दिया गया है। कई नेताओं के आवास के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का 23 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार, 7 सितंबर को सहारनपुर पहुंचने वाला था। प्रतिनिधिमंडल को मंडलायुक्त से मुलाकात कर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित मस्जिद को हटाए जाने के मामले पर प्रशासन से जानकारी मांगनी थी। पार्टी की ओर से इस दौरान अपना पक्ष भी प्रशासन के सामने रखने की बात कही गई थी। हालांकि, प्रतिनिधिमंडल के प्रस्तावित दौरे से पहले ही पुलिस ने कई सपा नेताओं को घर से बाहर निकलने से रोक दिया।
किन नेताओं पर हुई कार्रवाई?
पुलिस निगरानी में रखे गए नेताओं में नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद लाल बिहारी यादव, कैराना की सपा सांसद इकरा हसन, सहारनपुर देहात से विधायक आशु मलिक, पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान, सपा एमएलसी शाहनवाज खान और जिलाध्यक्ष अब्दुल वाहिद सहित कई स्थानीय और क्षेत्रीय पदाधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं।
इसके अलावा मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना, शामली और कैराना समेत आसपास के इलाकों में भी कई सपा नेताओं को सहारनपुर जाने से रोकने के लिए पुलिस निगरानी में रखा गया है। कुछ नेताओं से अंडरटेकिंग लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
कलेक्ट्रेट और शहर के प्रवेश मार्गों पर सुरक्षा बढ़ी
सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर के साथ-साथ शहर के पांचों प्रमुख गेटों के आसपास पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में पीएसी और आरएएफ के जवान भी शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं। प्रशासन के मुताबिक बिना अनुमति किसी तरह के प्रदर्शन या कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाएगी।
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के नेताओं ने पुलिस की इस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों और पार्टी नेताओं को अपने क्षेत्र में जाने से रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है।







