संपादक –केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की है। उन्होंने गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जेम) के जरिए खरीद में राज्य के योगदान की सराहना की और कहा कि यूपी सरकार ने डिजिटल इंडिया की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। गोयल ने अपने पत्र में बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में जेम के जरिए 72 लाख से अधिक ऑर्डर के साथ 5.43 लाख करोड़ रुपए की खरीद हुई है, जिसमें उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

उन्होंने यूपी सरकार के उस आदेश की भी प्रशंसा की जो 26 नवंबर 2024 को जारी किया गया था, जिसने राज्य के खरीद नियमों को सामान्य वित्तीय नियम (जीएफआर) 2017 और जेम की शर्तों के साथ जोड़ा है। इससे खरीद प्रक्रिया आसान हुई और जेम को पूरी तरह अपनाने का रास्ता खुला। गोयल ने कहा कि यह कदम अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।
इससे पहले, गोयल ने एक कार्यक्रम में कहा था कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने आठ साल में यूपी का कायाकल्प किया है और यह उपलब्धि सिर्फ सीएम योगी के नेतृत्व में ही संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार की सक्रियता ई-गवर्नेंस, पारदर्शिता और जवाबदेही के बेहतरीन समन्वय का प्रतीक बन गई है।
इस तारीफ से यह स्पष्ट होता है कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के काम से कितनी संतुष्ट है और इसे अन्य राज्यों के लिए अनुकरणीय मॉडल के रूप में पेश कर रही है।







