Bareilly: बरेली में जिला अस्पताल की इमरजेंसी से बुधवार शाम पुलिस अभिरक्षा में भर्ती पॉक्सो एक्ट की आरोपी महिला बंदी फरार हो गई। महिला के अचानक गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में दो महिला पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए गए हैं।
बाथरूम जाने की बात कहकर सुरक्षा घेरे से निकली
इज्जतनगर क्षेत्र के तुला गांव की रहने वाली 48 वर्षीय ममता देवी पर पॉक्सो एक्ट के साथ बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। वह जिला जेल में निरुद्ध थी। 31 अगस्त को विशेष पॉक्सो कोर्ट (एडीजे) में पेशी के दौरान उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई थी। इसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल में बंदी की निगरानी के लिए पुलिस लाइन से महिला हेड कांस्टेबल नूतन सिसौदिया और महिला कांस्टेबल रिंकी की ड्यूटी लगाई गई थी। बुधवार शाम करीब छह बजे ममता देवी ने दोनों पुलिसकर्मियों से बाथरूम जाने की बात कही। इसी दौरान वह सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर अस्पताल परिसर से बाहर निकल गई। कुछ समय बीतने के बाद जब वह वापस नहीं लौटी, तो पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान उसके अस्पताल से फरार होने की जानकारी सामने आई।
लापरवाही पर एसएसपी ने की कार्रवाई, तलाश में जुटीं पुलिस टीमें
बंदी के फरार होने की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंच गए। घटना की जांच के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने ड्यूटी में गंभीर लापरवाही मानते हुए महिला हेड कांस्टेबल नूतन सिसौदिया और महिला कांस्टेबल रिंकी को निलंबित कर दिया।
एसएसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं। वहीं, फरार ममता देवी को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई टीमों का गठन किया है। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।







