Gonda: छपिया थाना पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाकर बुधवार को एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया। बिरहीपुर बाग के निकट चेकिंग के दौरान बिना नंबर की बाइक से जा रहे संदिग्ध ने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने जब उसे घेरने का प्रयास किया तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके से पकड़ लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपिया ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान तिलकराम उर्फ झिन्कू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 12 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके अलावा 17,100 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और बिना नंबर की अपाचे बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने छपिया थाना क्षेत्र के अलावा खोड़ारे और कोतवाली देहात इलाके में हुई चोरी और लूट की कुछ घटनाओं में अपनी भूमिका स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर अब तक चार आपराधिक मामलों का खुलासा किया जा चुका है।
आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस अब उससे अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ-साथ संबंधित सामान की बरामदगी के प्रयास में लगी है।







